खो गई वह चिट्ठियां… कागज पर लिखे जज्बातों से मोबाइल की स्क्रीन तक का सफर
पहले आती थीं चिट्ठियाँ — शब्दों में बसती थी जिंदगी
वरिष्ठ पत्रकार : विजय द्विवेदी
एक समय था जब घर के बाहर साइकिल की हल्की-सी घंटी सुनते ही लोगों के चेहरे खिल उठते थे। बच्चे दौड़कर दरवाज़े तक पहुँचते थे, बुज़ुर्ग चश्मा सँभालते हुए बाहर निकलते थे और गृहिणियाँ आँगन से झाँककर पूछती थीं — “डाकिया जी, हमारे नाम कोई चिट्ठी आई है क्या?”
उस दौर में चिट्ठियाँ केवल कागज़ का टुकड़ा नहीं होती थीं, वे रिश्तों की साँस होती थीं। उनमें किसी अपने की धड़कन बसती थी, किसी माँ की चिंता, पिता का आशीर्वाद, बहन का स्नेह और दोस्त का अपनापन छिपा होता था।
आज मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस तेज़ युग में संदेश पलभर में पहुँच जाते हैं। वीडियो कॉल पर दूर बैठे व्यक्ति को देखा जा सकता है, एक क्लिक में हजारों बातें भेजी जा सकती हैं। लेकिन इस सुविधा के बीच वह आत्मीयता कहीं खो गई है, जो कभी हाथों से लिखी चिट्ठियों में हुआ करती थी।
पहले लोग कम बोलते थे, मगर दिल से जुड़ते थे। अब हर समय संपर्क में रहते हुए भी रिश्तों में वह गहराई कम होती जा रही है।
पुराने समय की चिट्ठियाँ अपने भीतर पूरा जीवन समेटे रहती थीं। उनकी शुरुआत अक्सर इन शब्दों से होती थी —
“यहाँ सब कुशल है, आपकी कुशलता की ईश्वर से कामना करते हैं।”
इन कुछ शब्दों में ही प्रेम, संस्कार और अपनापन झलकता था। आज के छोटे-छोटे “हाय”, “ओके”, “टेक केयर” और इमोजी शायद वह सुकून नहीं दे सकते जो कभी एक पत्र के शुरुआती वाक्य देते थे।
चिट्ठियों में केवल जानकारी नहीं होती थी, उनमें भावनाएँ सांस लेती थीं।
कहीं माँ लिखती थी —
“बेटा, समय से खाना खा लिया करो।”
तो कहीं पिता समझाते थे —
“मेहनत से पढ़ना, हमारा नाम रोशन करना।”
बहन शिकायत करती थी —
“इस बार राखी पर जल्दी आ जाना।”
और दादी अपने काँपते हाथों से लिखती थीं —
“भगवान तुम्हें लंबी उम्र दे।”
अक्सर मित्रों की लिखी वह हुई चिट्ठी जिसमें बचपन की अविस्मरणीय यादों के साथ अब दूर रहने का एहसास और अपने पास बुलाने का स्नेहिल आग्रह पढ़कर मन आह्लादित हो जाता था।
चिट्ठियों की हर पंक्ति में रिश्तों की गर्माहट महसूस होती थी। उन शब्दों को पढ़ते हुए ऐसा लगता था जैसे सामने बैठा व्यक्ति खुद बातें कर रहा हो। यही कारण था कि लोग चिट्ठियों को केवल पढ़ते नहीं थे, उसमें लिखे एक-एक शब्द को महसूस भी करते थे।
उस समय गाँव से शहर गए बेटे का हाल महीनों बाद एक पत्र से मिलता था। विदेश में रहने वाले किसी सदस्य की चिट्ठी पूरे मोहल्ले में खुशी का कारण बन जाती थी। परिवार के लोग एक ही पत्र को कई-कई बार पढ़ते थे। कभी माँ उसे अपनी संदूकची में सहेजकर रखती थी, तो कभी पिता उसे बार-बार निकालकर गीली होती आंखों पढ़ते थे।
कई लोग आज भी अपने पुराने संदूकों में दशकों पुरानी चिट्ठियाँ संभालकर रखते हैं, क्योंकि वे केवल शब्द नहीं, बल्कि यादों की धरोहर होती हैं।
वास्तव में चिट्ठियाँ उस दौर का भावनात्मक इतिहास थीं।
उनमें लिखा होता था —
नन्हें के जन्म की खबर,
माँ की तबियत का दर्द,
पैसे भेजने का अनुनय,
फसलों के खराब होने की चिंता,
और परिवार की छोटी-बड़ी खुशियाँ।
गांव और मोहल्ले की खबर।
घर आने के लिए समय निकालने का अनुनय।
कितना कुछ सिमट जाता था उस सफेद नीले से कागज़ में।
वह कागज़ मित्रों की खुशबू, कभी किसी नवविवाहिता के लिए पति का प्यार बन जाता था, तो कभी किसी सैनिक के लिए घर की खुशबू। कोई युवती उसे छुपाकर सीने से लगा लेती थी और अकेले में पढ़ते-पढ़ते उसकी आँखें नम हो जाती थीं।
उस दौर में शब्दों में इतनी ताकत होती थी कि वे दूरी को भी छोटा कर देते थे।
चिट्ठियों का इंतजार भी अपने आप में एक अलग एहसास था।
लोग डाकिए के आने का समय याद रखते थे। अगर कई दिनों तक कोई पत्र न आए तो मन बेचैन हो उठता था। डाकिया उस समय केवल सरकारी कर्मचारी नहीं होता था, वह खुशियों और उम्मीदों का संदेशवाहक होता था।
किसी घर में नौकरी लगने की खबर, कहीं विवाह का निमंत्रण, तो कहीं परीक्षा में सफलता की सूचना — सब उसी के हाथों पहुँचती थी।
गाँवों में अक्सर कोई पढ़ा-लिखा व्यक्ति दूसरों की चिट्ठियाँ पढ़कर सुनाता था। कई अनपढ़ लोग भी उन चिट्ठियों को बार-बार छूकर अपने प्रियजनों का एहसास कर लेते थे।
वह दृश्य आज भी भावुक कर देता है —
एक बुज़ुर्ग माँ बेटे की चिट्ठी सुनते हुए आँसू पोंछ रही है, क्योंकि उसे लगता है कि उसका बेटा उससे बात कर रहा है।
चिट्ठियाँ केवल संवाद नहीं थीं, वे संस्कारों की पाठशाला भी थीं।
पत्र के अंत में लिखा जाता था —
“माताजी-पिताजी को चरण स्पर्श, छोटों को प्यार।”
ये केवल औपचारिक शब्द नहीं थे, बल्कि भारतीय संस्कृति की आत्मा थे।
आज की डिजिटल भाषा में वह विनम्रता और आदर धीरे-धीरे कम होता जा रहा है।
एक समय प्रेम भी चिट्ठियों में धड़कता था।
प्रेम पत्रों में भावनाएँ उतर आती थीं। लोग शब्दों को बहुत सोच-समझकर लिखते थे। हर वाक्य दिल से निकलता था।
आज भावनाएँ इमोजी और टेम्पलेट संदेशों में सिमट गई हैं। सुविधा बढ़ी है, लेकिन गहराई कम हो गई है।
चिट्ठियों की सबसे बड़ी खूबी यह थी कि उनमें समय ठहर जाता था।
किसी पुराने बक्से से वर्षों बाद कोई चिट्ठी मिल जाए तो लगता है जैसे बीता हुआ समय फिर से लौट आया हो। उन पीले पड़े कागज़ों में पुरानी खुशियाँ, संघर्ष, प्रेम और रिश्तों की खुशबू आज भी महसूस की जा सकती है।
लेकिन आज का समय अलग है।
अब स्क्रीन पर अंगूठा दौड़ता है और अक्सर रिश्तों की गर्माहट पीछे छूट जाती है।
मोबाइल का स्पेस भर जाए तो हजारों संदेश एक क्लिक में डिलीट हो जाते हैं।
सब कुछ छह इंच की स्क्रीन में सिमट गया है —
मकान फ्लैटों में सिमट गए,
जज़्बात मैसेजों में सिमट गए,
चूल्हे गैसों में सिमट गए,
और इंसान पैसों में सिमट गए।
सबसे दुखद बात यह है कि इंसानियत भी अब कई बार केवल “स्टेटस” तक सीमित होकर रह गई है।
यह सच है कि तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है। आज दूर बैठे व्यक्ति से तुरंत बात हो जाती है। आपात स्थिति में पलभर में संपर्क हो जाता है। लेकिन सुविधा की इस दौड़ में धैर्य, प्रतीक्षा और संवेदनाओं की मिठास कहीं खो गई है।
पहले लोग चिट्ठी लिखने के लिए समय निकालते थे। सोचते थे कि क्या लिखें, कैसे लिखें। हर शब्द दिल से निकलता था। शायद इसी कारण उन पत्रों में आत्मा बसती थी।
पुरानी पीढ़ी आज भी उस दौर को याद करके भावुक हो उठती है। उन्हें याद आता है कि कैसे त्योहार पर घर से आई चिट्ठी पढ़कर आँखें भर आती थीं। कैसे नौकरी के लिए बाहर गए बेटे की चिट्ठी पूरे परिवार को सुकून देती थी। कैसे सेना में तैनात जवान अपने परिवार को पत्र लिखते थे और उन शब्दों में देशभक्ति के साथ घर के प्रति प्रेम भी झलकता था।
आज के बच्चों ने शायद कभी वह अनुभव नहीं किया जब अपने हाथों से लिखी चिट्ठी खोली जाती थी। उन्होंने शायद वह खुशी महसूस नहीं की जब लिफाफे पर अपना नाम देखकर चेहरा खिल उठता था। वे शायद यह भी नहीं जानते कि कभी शब्दों को पढ़ा नहीं, जिया जाता था।
समय बदलता है और साधन भी बदलते हैं, लेकिन भावनाओं का महत्व कभी कम नहीं होना चाहिए। आधुनिक जीवन में भी यदि रिश्तों की मिठास बनाए रखनी है तो संवाद में संवेदनाएँ लौटानी होंगी।
कभी-कभी अपने माता-पिता, मित्रों या प्रियजनों को अपने हाथों से कुछ शब्द लिखकर दीजिए। यकीन मानिए, वह छोटा-सा पत्र किसी महंगे उपहार से अधिक खुशी देगा।
“पहले आती थीं चिट्ठियाँ” केवल एक वाक्य नहीं, बल्कि पूरे दौर की याद है।
वह दौर जहाँ शब्दों में आत्मा बसती थी, जहाँ रिश्ते कागज़ पर उतरते थे और जहाँ हर पत्र अपने साथ किसी अपने की धड़कन लेकर आता था।
आज भले ही चिट्ठियाँ कम हो गई हों, लेकिन उनकी खुशबू अब भी लोगों की यादों में जीवित है। वे हमें यह एहसास कराती हैं कि असली संवाद वही होता है जिसमें केवल शब्द नहीं, बल्कि भावनाएँ भी शामिल हों।
