आईपीएल सट्टेबाजी के संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश, एक अभियुक्त गिरफ्तार
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
जालौन : कोतवाली माधौगढ़ व साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैच के दौरान संचालित हो रहे ऑनलाइन सट्टेबाजी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस की सतर्कता और प्रभावी कार्यवाही के चलते इस अवैध गतिविधि में संलिप्त एक सक्रिय अभियुक्त को मौके से गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में आईपीएल मैच के दौरान ऑनलाइन माध्यम से सट्टा/जुआ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छापेमारी की, जहां से एक व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ा गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से ऑनलाइन सट्टेबाजी में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
इसके अतिरिक्त, अभियुक्त के पास से कुल 3,22,780 रुपये की नगद धनराशि भी बरामद की गई है, जो सट्टेबाजी से संबंधित बताई जा रही है। पुलिस द्वारा बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ जैसे अपराधों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और इस प्रकार के अवैध नेटवर्क के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही आमजन से भी अपील की गई है कि वे इस तरह की गतिविधियों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।