जिलाधिकारी जालौन ने जवाहर नवोदय विद्यालय का किया निरीक्षण, छात्रों के साथ किया भोजन
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय ने मुख्य विकास अधिकारी के साथ जवाहर नवोदय विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था, सुरक्षा, साफ-सफाई, छात्रावास, भोजन और छात्रों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों और विद्यालय के प्राचार्य के साथ दोपहर का भोजन भी किया। उन्होंने छात्रों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भोजन, छात्रावास और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। रविवार होने के कारण विद्यालय पहुंचे छात्र-छात्राओं के परिजनों से भी जिलाधिकारी ने संवाद किया और उनसे विद्यालय में मिल रही सुविधाओं तथा किसी प्रकार की समस्या के बारे में जानकारी ली।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में आयोजित अंतर्जनपदीय खेल प्रतियोगिताओं का भी जायजा लिया। उन्होंने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया और प्रतियोगिताओं के आयोजन की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने विद्यालय प्रशासन को छात्रों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।