मिड-डे मील रसोइयों को मिली सौगात, कैशलेस चिकित्सा कार्ड का किया गया वितरण
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान, 3.54 लाख रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण एवं मानदेय वृद्धि कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन सभागार में देखा और सुना गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में रसोइया बहनें मौजूद रहीं।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थी रसोइयों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक कार्ड वितरित किए गए। उन्हें योजना के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं और चिकित्सा सुरक्षा के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कैशलेस चिकित्सा सुविधा और मानदेय वृद्धि की सौगात मिलने से रसोइयों में खुशी का माहौल नजर आया। उपस्थित रसोइयों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें और उनके परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के समय आर्थिक सुरक्षा मिलने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने रसोइयों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित जानकारी का उपयोग करने के लिए भी प्रेरित किया।