भारत की सनातन संस्कृति, परंपरा और जीवन-मूल्यों की पहचान है हिंदुत्व - करुणेश

भारत की सनातन संस्कृति, परंपरा और जीवन-मूल्यों की पहचान है हिंदुत्व - करुणेश

रुद्रपुर (देवरिया)। बाबा दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे विश्व हिंदू कल्याण परिषद् के राष्ट्रीय संयोजक करुणेश पांडेय का होटल किंगडम पर जिलाध्यक्ष कन्हैया लाल शुक्ला के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

इस अवसर पर श्री पांडेय ने कहा कि आज हिंदू समाज के सामने अनेक सामाजिक और सांस्कृतिक चुनौतियां हैं, जिनका सामना एकजुट होकर ही किया जा सकता है। जाति, क्षेत्र और आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर हिंदू समाज को संगठित एवं जागरूक करना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि हिंदुत्व केवल एक राजनैतिक विचार नहीं, बल्कि भारत की सनातन संस्कृति, परंपरा और जीवन-मूल्यों की पहचान है। युवाओं को अपनी संस्कृति और इतिहास से जोड़ते हुए समाज में सेवा, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूत करना संगठन की प्राथमिकता है। तीर्थ क्षेत्रों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि मंदिर, मठ, तीर्थ और धार्मिक परंपराएं केवल आस्था के केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। इनके संरक्षण के साथ-साथ समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों की सेवा भी हिंदू समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि हिंदू समाज को जोड़ने का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जाए और संगठन का विस्तार गांव-गांव तक पहुंचाकर सेवा, संस्कार एवं सामाजिक समरसता के अभियान को गति दी जाए।

इस दौरान मुख्य रूप में जिला प्रभारी रामनरेश जायसवाल, जिला अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ अनुराग जायसवाल, जिला उपाध्यक्ष रघुवंश मणि विश्वकर्मा आदि सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने

Journalist Anil Prabhakar

Editor UPVIRAL24 NEWS