राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई का जिलाधिकारी ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर दिए निर्देश
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय द्वारा राजकीय मेडिकल कॉलेज उरई का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, विभिन्न वार्डों तथा पूछताछ केंद्र का गहनता से निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों एवं स्टाफ की उपस्थिति की जांच की तथा दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से सीधे संवाद स्थापित कर उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। प्राप्त फीडबैक के आधार पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा अस्पताल में सभी आवश्यक संसाधन सुनिश्चित किए जाएं, जिससे आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।