जालौन : ग्राम सरसोखी स्थित कान्हा गौशाला का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
जालौन : जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा ग्राम सरसोखी स्थित कान्हा गौशाला का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाल ही में सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए गोवंशों के स्वास्थ्य की स्थिति का गहनता से परीक्षण किया तथा संबंधित चिकित्सकीय व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गोवंशों के उपचार, देखभाल एवं पुनर्वास के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौशाला में उपलब्ध सुविधाओं जैसे भूसा, हरा चारा, चोकर/खरी, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई तथा गोवंशों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी गोवंशों को निर्धारित मानकों के अनुरूप आहार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से घायल गोवंशों के समयबद्ध उपचार पर जोर देते हुए कहा कि पशु चिकित्सक नियमित रूप से गौशाला का निरीक्षण करें और प्रत्येक गोवंश का स्वास्थ्य रिकॉर्ड संधारित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा गौशाला परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए।