पुलिस-व्यापारी गोष्ठी में कानून-व्यवस्था व सुरक्षा पर हुई विस्तृत चर्चा
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक जालौन एवं क्षेत्राधिकारी नगर (उरई) के साथ पुलिस लाइन उरई के सभागार कक्ष में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारी बंधुओं के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना, व्यापारिक गतिविधियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना तथा पुलिस-व्यापारी समन्वय को मजबूत करना रहा।
गोष्ठी के दौरान कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने व्यापारियों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इस अवसर पर उपस्थित व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारी बंधुओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को खुलकर रखा तथा सुरक्षा, यातायात जाम, पार्किंग व्यवस्था एवं बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने जैसे सुझाव दिए। पुलिस अधीक्षक ने सभी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना और उनके प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि व्यापारियों की सुरक्षा एवं सुविधा पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। साथ ही सभी से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि पुलिस और जनता के आपसी तालमेल से ही बेहतर कानून-व्यवस्था कायम रखी जा सकती है।