साइबर जागरूकता अभियान के तहत ग्राम रगोली में पुलिस ने लोगों को किया जागरूक
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
साइबर क्राईम थाना जालौन द्वारा ग्राम रगौली कोतवाली उरई में आमजनमानस को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया ।
उरई, जालौन : अपर पुलिस महानिदेशक महोदया, कानपुर जोन, कानपुर एवं पुलिस महानिरीक्षक, झांसी परिक्षेत्र, झांसी के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में साइबर क्राइम थाना जालौन द्वारा जनपद में लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 12.06.2026 को ग्राम रगोली, कोतवाली उरई क्षेत्र में आमजनमानस को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से लोगों को सतर्क करना था। इस दौरान पुलिस टीम ने उपस्थित ग्रामीणों को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी फर्जी लिंक, मैसेज, फोन कॉल तथा ई-मेल के माध्यम से लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने समझाया कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक, मैसेज या फाइल को बिना सत्यापन के नहीं खोलना चाहिए, क्योंकि इससे मोबाइल फोन और निजी डेटा हैक हो सकता है। साथ ही यह भी बताया गया कि केवल विश्वसनीय एवं आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही ऐप डाउनलोड करें। ग्रामीणों को सोशल मीडिया पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी जैसे मोबाइल नंबर, पता, बैंक डिटेल्स आदि साझा न करने की सलाह दी गई।
इसके अतिरिक्त इंटरनेट का सकारात्मक उपयोग करने, साइबर ठगी से बचने और किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं 112 की जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके।