वर्चुअल जनसुनवाई के माध्यम से फरियादियों की समस्याओं का किया गया समाधान
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारीगण के साथ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअली जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न थानों एवं कार्यालयों में आए हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, साइबर अपराध एवं अन्य सामान्य शिकायतों से संबंधित मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी शिकायत को लंबित न रखा जाए और संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए तथा उनके साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाया जाए।
इस अवसर पर अधिकारियों को जनसुनवाई प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने, शिकायतों की नियमित समीक्षा करने तथा शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी जनता की समस्याओं का समाधान करना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।