अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा कस्बा जालौन में पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : जनपद में सुरक्षा, शान्ति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा क्षेत्राधिकारी जालौन एवं कोतवाली जालौन पुलिस बल के साथ कस्बा जालौन में मुख्य मार्ग, सर्राफा बाजार तथा अन्य सार्वजनिक एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त की गई। इस दौरान पुलिस टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
गश्त के दौरान अधिकारियों ने बाजारों में मौजूद व्यापारियों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना तथा उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल को निर्देशित किया कि क्षेत्र में नियमित रूप से गश्त की जाए और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
इस दौरान यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों को हटाने एवं अतिक्रमण के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश भी संबंधित को दिए गए। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।