विकास भवन में जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण व वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा की
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में चल रहे वृक्षारोपण अभियान, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल पौधरोपण ही नहीं, बल्कि लगाए गए पौधों का संरक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसके लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी तय करते हुए नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जल संरक्षण के महत्व पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने तालाबों, कुओं और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए प्रभावी कार्य योजना बनाने को कहा। साथ ही, स्वच्छता अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह सामूहिक दायित्व है। इसके लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि सभी कार्य समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएं, ताकि जनपद में स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।