पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा वर्चुअल जनसुनवाई, फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारीगण के साथ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई की गई। इस दौरान जनपद के विभिन्न थानों एवं कार्यालयों में आए हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया।
वर्चुअल जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र पर संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ितों को न्याय मिलने में किसी प्रकार की देरी न हो।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए। साथ ही, शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बनाए रखने एवं आमजन के साथ संवाद को बेहतर करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जनसुनवाई को गंभीरता से लें और फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।