उपनिरीक्षक भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष व सुव्यवस्थित बनाने हेतु एसपी ने अधिकारियों को किया ब्रीफ
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती के अंतर्गत अभिलेख सत्यापन (DV) एवं शारीरिक मानक परीक्षण (PST) को सकुशल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा अपर पुलिस अधीक्षक जालौन के साथ रिजर्व पुलिस लाइन उरई स्थित सभागार कक्ष में एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई।
इस गोष्ठी के दौरान भर्ती प्रक्रिया में ड्यूटी पर लगाए गए अधिकारी एवं कर्मचारीगण को विस्तारपूर्वक ब्रीफ किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी को निर्देशित करते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष एवं शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप संपन्न होनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अभ्यर्थियों के अभिलेखों की जांच सावधानीपूर्वक की जाए तथा शारीरिक मानक परीक्षण के दौरान सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक जालौन ने भी ड्यूटी में लगे कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में सम्पन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। गोष्ठी के माध्यम से सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग एवं प्रतिबद्ध नजर आए।