विश्व रक्तदाता दिवस पर जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन, डीएम व एसपी ने किया शुभारंभ
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को जिला अस्पताल उरई में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जो किसी जरूरतमंद की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने पर जोर दिया।
इस दौरान सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके इस सराहनीय एवं मानवीय योगदान की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रक्तदान की प्रक्रिया को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया। साथ ही रक्तदाताओं को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी भी दी गई।
शिविर में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वयंसेवी संगठनों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।