एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर चोरी करने वाले गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : थाना कुठौन्द पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में अभियुक्तों को उस समय दबोचा गया जब वे चोरी की योजना बना रहे थे। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 02 अदद देशी तमंचा 315 बोर, 02 अदद जिन्दा कारतूस 315 बोर, 02 अदद कारतूस मिस 315 बोर, 1300 रुपये नगद, 01 अदद मोटरसाइकिल तथा चोरी करने में प्रयुक्त होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह एटीएम मशीनों को निशाना बनाकर उनमें तकनीकी छेड़छाड़ कर नकदी चोरी करने की फिराक में रहता था। लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर थाना कुठौन्द पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा था, जिसके तहत संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए इन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों एवं उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है, जिससे भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।