वर्चुअल जनसुनवाई के माध्यम से फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा क्षेत्राधिकारीगण एवं थाना प्रभारीगण के साथ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान जनपद के विभिन्न थानों एवं कार्यालयों में आए हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके निस्तारण की प्रगति की समीक्षा भी की गई।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है, इसलिए प्रत्येक प्रकरण में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
वर्चुअल बैठक के दौरान लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का फॉलोअप नियमित रूप से किया जाए, ताकि पीड़ितों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखते हुए आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और प्रत्येक शिकायत का समाधान प्राथमिकता से सुनिश्चित करें।