29वीं अंतर्जनपदीय पुलिस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का हुआ भव्य शुभारम्भ
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : जनपद जालौन के रिजर्व पुलिस लाइन उरई में 29वीं अंतर्जनपदीय पुलिस जूडो क्लस्टर (महिला/पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारम्भ किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक/आयोजक सचिव जनपद जालौन श्री विनय कुमार सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें अनुशासन के साथ खेल भावना बनाए रखते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इस जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता में जूडो, कराटे, ताइक्वांडो, वुशु एवं पिनाक सिलाट जैसे विभिन्न खेलों को शामिल किया गया है, जिसमें महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में कानपुर जोन के विभिन्न जनपदों—कानपुर नगर, कानपुर देहात, फतेहगढ़, इटावा, औरैया, कन्नौज, जालौन, झांसी एवं ललितपुर की टीमों ने भाग लिया। सभी टीम प्रभारियों का परिचय प्राप्त कराते हुए अभ्यास मैच भी कराए गए, जिससे खिलाड़ियों को अपनी तैयारी का आकलन करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. ईशान सोनी, क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन तथा प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से पुलिस बल में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने एवं शारीरिक दक्षता को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।