जिलाधिकारी ने सरसौखी कान्हा गौशाला का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय ने सरसौखी स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण कर वहां गोवंशों की देखभाल और उपलब्ध व्यवस्थाओं की स्थिति देखी। उन्होंने गौशाला में हरा चारा, भूसा, चोकर, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शेड और साफ-सफाई का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं को मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीमार और कमजोर गोवंशों की स्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे गोवंशों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए और जरूरत पड़ने पर समय से उपचार उपलब्ध कराया जाए, ताकि उनकी उचित देखभाल सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने गौशाला में साफ-सफाई सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी लगातार निगरानी रखने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।