जालौन : जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने कोचिंग सेंटरों व लाइब्रेरियों का किया निरीक्षण, मानकों के उल्लंघन पर कार्रवाई
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा उरई नगर सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरियों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं की गहनता से जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों में अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन, फायर एनओसी, विद्युत सुरक्षा तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया। कई स्थानों पर आवश्यक मानकों की अनदेखी पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में संचालित सभी कोचिंग सेंटरों एवं लाइब्रेरियों की तहसीलवार समितियां गठित कर नियमित जांच कराई जाए। इन समितियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए गए हैं कि सुरक्षा मानकों के पालन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों के अनुरूप ही संस्थानों का संचालन सुनिश्चित कराया जाए।
कार्रवाई के तहत मानक के अनुरूप संचालित न होने पर जांच समिति द्वारा लगभग एक दर्जन कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरियों को बंद कराया गया। इस कार्रवाई से अन्य संस्थानों में भी हड़कंप मच गया और संचालकों ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी संस्थानों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचाव किया जा सके।