जिलाधिकारी जालौन ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय द्वारा विकास भवन सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक आयोजित कर जनपद में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा की गई। बैठक में सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का विस्तार से मूल्यांकन करते हुए गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीकरण, एएनसी जांच तथा नियमित टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक गर्भवती महिला तक स्वास्थ्य सेवाएं समय से पहुंचें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
बैठक में परिवार कल्याण कार्यक्रम, अस्पतालों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं तथा ई-कवच पोर्टल के नियमित अपडेट की स्थिति का भी परीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित अधिकारी पोर्टल पर डाटा समय से और शुद्ध रूप में अपलोड करें, जिससे योजनाओं की वास्तविक स्थिति का सही आकलन किया जा सके।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत वित्तीय प्रगति की भी समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि उपलब्ध बजट का समुचित एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने के लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का सही आकलन कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनपद के नागरिकों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।