जूडो क्लस्टर प्रतियोगिता का समापन, विजेताओं को ट्रॉफी व पुरस्कार प्रदान
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : रिजर्व पुलिस लाइन उरई में आयोजित 29वीं अंतर्जनपदीय जोनल पुलिस जूडो क्लस्टर (महिला एवं पुरुष) प्रतियोगिता-2026 का समापन समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक जालौन श्री विनय कुमार सिंह द्वारा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में विभिन्न जनपदों से आए प्रतिभागियों ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे प्रतियोगिता रोमांचक बनी रही। महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों में खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए जीत हासिल करने के लिए कड़ा मुकाबला किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेलों के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक विकास के महत्व पर प्रकाश डाला।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं न केवल पुलिस बल में फिटनेस और आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं, बल्कि आपसी समन्वय एवं टीम भावना को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।