उरई : भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम व एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड सहित प्रमुख स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन तथा आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं और समुचित निगरानी रखी जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन द्वारा किए जा रहे इन प्रयासों से यह स्पष्ट है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुचारु रूप से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।