वर्चुअल जनसुनवाई में फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश
उरई, जालौन : पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार द्वारा क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारीगण के साथ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअली जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान जनपद के विभिन्न थानों एवं कार्यालयों में प्राप्त शिकायतों और फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करते हुए उन्हें अनावश्यक रूप से भटकने न दिया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, जिससे आमजन का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
इस दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका फीडबैक भी लिया जाए, ताकि शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनसुनवाई को प्रभावी बनाकर आमजन को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।