शिक्षामित्र सम्मान कार्यक्रम का आयोजन, बढ़ा मानदेय खातों में हुआ हस्तांतरित
उरई, जालौन : मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रदेश के 1.43 लाख शिक्षामित्रों का मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये प्रतिमाह किए जाने के उपलक्ष्य में रानी लक्ष्मीबाई सभागार में शिक्षा मित्र सम्मान कार्यक्रम का सजीव प्रसारण माननीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षामित्रों ने भाग लिया और मुख्यमंत्री जी के प्रेरणादायक उद्बोधन को ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने शिक्षामित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है और शिक्षामित्रों की भूमिका इसमें अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी उनके हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक निर्णय लिए जाते रहेंगे।
उक्त क्रम में जनपद जालौन के कुल 821 शिक्षामित्रों को 01 अप्रैल 2026 से बढ़ी हुई मानदेय राशि लागू करते हुए माह अप्रैल का मानदेय एक करोड़ सैंतालीस लाख अठहत्तर हजार रुपये की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की गई। इस निर्णय से शिक्षामित्रों में उत्साह एवं खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी शिक्षामित्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही सभी शिक्षामित्रों से अपेक्षा की गई कि वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में योगदान दें।