विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर पुलिस कर्मियों को दिलाई गई तम्बाकू त्याग की शपथ
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : विश्व तम्बाकू निषेध दिवस के अवसर पर पुलिस कार्यालय परिसर में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने पुलिस कार्यालय में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण को तम्बाकू के सेवन से होने वाले गंभीर दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तम्बाकू का उपयोग न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है, बल्कि यह कई घातक बीमारियों का कारण भी बनता है।
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को तम्बाकू सेवन से दूर रहने के लिए प्रेरित किया तथा सभी को तम्बाकू का सेवन न करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग के कर्मचारी समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होते हैं, इसलिए उन्हें स्वयं भी स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए और आमजन को भी इसके लिए जागरूक करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान तम्बाकू से होने वाले कैंसर, हृदय रोग एवं अन्य बीमारियों के बारे में भी जानकारी साझा की गई। साथ ही यह भी बताया गया कि तम्बाकू का त्याग कर व्यक्ति न केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकता है, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी सुरक्षित रख सकता है। इस अवसर पर सभी उपस्थित कर्मियों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं तम्बाकू का सेवन नहीं करेंगे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।