जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक सम्पन्न
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : मा० प्रभारी मंत्री श्री संजय सिंह गंगवार की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया गया। बैठक का उद्देश्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए आमजन तक उनका लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचाना रहा।
बैठक के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पोषण, पेंशन, ग्रामीण विकास, पीएम सूर्य घर योजना, फैमिली आईडी अभियान, दिव्यांग पेंशन एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली और जहां कहीं भी कमी पाई गई, वहां सुधार के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक शत-प्रतिशत पहुंचना सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी गंभीरता से चर्चा करते हुए अधिकारियों को जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मा० विधायकगण, अन्य जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी कार्ययोजना पर भी विचार-विमर्श किया।