बाढ़ राहत प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी ने की फ्लड स्टियरिंग ग्रुप की बैठक

बाढ़ राहत प्रबंधन को लेकर जिलाधिकारी ने की फ्लड स्टियरिंग ग्रुप की बैठक

वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर

उरई, जालौन : संभावित बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में फ्लड स्टियरिंग ग्रुप की बैठक आयोजित कर संबंधित विभागों की तैयारियों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में बहने वाली नदियों के जलस्तर पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नाव, मोटरबोट, गोताखोरों की व्यवस्था, राहत सामग्री, पशुचारा, आवश्यक दवाइयां तथा स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक निविदा प्रक्रियाएं 15 जून तक पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से निभाएं।

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पूर्व पहचान कर वहां राहत शिविरों की व्यवस्था, सुरक्षित स्थानों की चिन्हितीकरण तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहने और आपातकालीन सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि जनसुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करें। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क एवं तैयार रहें, ताकि जनहानि और नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने

Journalist Anil Prabhakar

Editor UPVIRAL24 NEWS