मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा को लेकर जनपदीय कॉन्फ्रेंस आयोजित

मिशन शक्ति 5.0 के तहत महिला सुरक्षा को लेकर जनपदीय कॉन्फ्रेंस आयोजित

उरई, जालौन : पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 30 दिवसीय विशेष अभियान के क्रम में दिनांक 16 अप्रैल 2026 को पुलिस लाइन्स स्थित सभागार कक्ष में महिला सुरक्षा सम्बन्धी जनपदीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।

इस महत्वपूर्ण कॉन्फ्रेंस में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रमुख संस्थानों एवं संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़े सरकारी एवं निजी चिकित्सालयों के प्रतिनिधि, विश्वविद्यालय से लेकर स्कूल एवं कॉलेज स्तर तक के शिक्षण संस्थानों के संचालक, औद्योगिक इकाइयों एवं इंडस्ट्रियल पार्क से जुड़े उद्यमी, ऐसे प्रतिष्ठानों के संचालक जहाँ बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यरत हैं, महिला छात्रावासों के प्रबंधक, तथा मुख्य बाजारों के व्यापार मंडलों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

कॉन्फ्रेंस के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा महिला सुरक्षा को लेकर शासन की मंशा एवं मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे अपने-अपने संस्थानों में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या या घटना की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।

इसके साथ ही बैठक में महिलाओं से संबंधित अपराधों की रोकथाम, कार्यस्थलों पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने, छात्राओं एवं कामकाजी महिलाओं के लिए हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी प्रसारित करने तथा सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है, जिससे वे समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें। उन्होंने सभी विभागों एवं संस्थानों से समन्वय स्थापित कर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों ने महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति अपने-अपने स्तर पर पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने

Journalist Anil Prabhakar

Editor UPVIRAL24 NEWS