होमगार्ड्स इनरोलमेंट–2025 परीक्षा के लिए डीएम व एसपी ने किया निरीक्षण
उरई, जालौन : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित होमगार्ड्स इनरोलमेंट–2025 परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा जनपद के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया तथा सुरक्षा, गोपनीयता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी निगरानी, बैठने की व्यवस्था, पेपर वितरण प्रणाली एवं अभ्यर्थियों की चेकिंग प्रक्रिया को गंभीरता से परखा। उन्होंने निर्देशित किया कि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक जालौन ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनी रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अभ्यर्थियों के साथ समान व्यवहार किया जाए तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं पुलिस बल मौजूद रहे, जिन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।