होमगार्ड्स इनरोलमेंट–2025 परीक्षा को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से कराने के निर्देश

होमगार्ड्स इनरोलमेंट–2025 परीक्षा को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से कराने के निर्देश

उरई, जालौन : पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा पुलिस लाइन उरई स्थित सभागार कक्ष में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित होमगार्ड्स इनरोलमेंट–2025 की परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रमुख मार्गों पर यातायात पुलिस की तैनाती सुनिश्चित करने तथा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने, समय से ड्यूटी स्थल पर पहुंचने तथा अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और सतर्कता के साथ निर्वहन करने को कहा, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने

Journalist Anil Prabhakar

Editor UPVIRAL24 NEWS