जालौन : जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया आटा थाने का औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

जालौन : जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया आटा थाने का औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर

उरई, जालौन : जिलाधिकारी जालौन श्री समीर एवं पुलिस अधीक्षक जालौन श्री सुरेश चन्द्र रावत ने संयुक्त रूप से थाना आटा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने थाने की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, मिशन शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। इसके साथ ही अपराध रजिस्टर, एचएस इंडेक्स तथा आगंतुक रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का बारीकी से अवलोकन किया और उनके रख-रखाव की स्थिति का जायजा लिया।

अधिकारियों ने थाने में दर्ज मामलों एवं लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए थानाध्यक्ष आटा को निर्देशित किया कि सभी लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी कर अपराध नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की जाए।

निरीक्षण के दौरान थाने के सभी अभिलेखों को अनिवार्य रूप से अद्यतन रखने तथा पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि थाने में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनके निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। पुलिसकर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करें, जिससे आमजन को समय पर न्याय और प्रभावी पुलिस सहायता मिल सके।

संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य थाना स्तर पर पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी लाना तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना रहा।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने

Journalist Anil Prabhakar

Editor UPVIRAL24 NEWS