जिला बाल संरक्षण इकाई एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक में योजनाओं की समीक्षा
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : रानी लक्ष्मीबाई सभागार, विकास भवन उरई में त्रैमासिक जिला बाल संरक्षण इकाई एवं जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के कोविड एवं सामान्य श्रेणी के लंबित प्रकरणों के साथ-साथ रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष से संबंधित मामलों पर भी विचार-विमर्श किया गया। समीक्षा के उपरांत पात्र लंबित प्रकरणों को नियमानुसार स्वीकृति प्रदान की गई।
इसके अलावा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर सहित महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण करने के आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित कार्यों में समन्वय, योजनाओं के लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।