गूगल मीट के माध्यम से पुलिस अधीक्षक द्वारा वर्चुअल जनसुनवाई, फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारीगण के साथ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई की गई। इस दौरान थानों एवं कार्यालयों में आए हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ किया जाए, जिससे आम जनता का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके। उन्होंने कहा कि फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अतिरिक्त, पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित करें तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतों के समाधान की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि शिकायतकर्ता संतुष्ट हो सके।