वर्चुअल जनसुनवाई के माध्यम से फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह द्वारा क्षेत्राधिकारी व थाना प्रभारीगण के साथ गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअली जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के विभिन्न थानों एवं कार्यालयों में आए हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, साइबर अपराध तथा अन्य सामान्य शिकायतों से संबंधित प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाए और समयबद्ध कार्यवाही करते हुए उनकी संख्या में कमी लाई जाए।
इसके अतिरिक्त, थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने, संवेदनशील मामलों में विशेष सतर्कता बरतने तथा जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आमजन की समस्याओं का समाधान करना है और इसके लिए हर स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।