भीषण गर्मी के मद्देनजर हीट वेव से बचाव के लिए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश

भीषण गर्मी के मद्देनजर हीट वेव से बचाव के लिए स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश

वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर

उरई, जालौन : जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में हीट वेव से बचाव को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन को गर्मी से राहत दिलाने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाए।

जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी अस्पतालों में हीट वेव से प्रभावित मरीजों के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही ओआरएस, आवश्यक दवाएं एवं प्राथमिक उपचार की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में दवाओं की कमी नहीं होनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर तत्काल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान अस्पतालों में साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए वार्डों एवं शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मरीजों एवं उनके तीमारदारों के लिए ठंडे एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था करने को कहा गया, ताकि गर्मी के प्रभाव को कम किया जा सके।

जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय निगरानी रखने एवं हीट वेव से संबंधित मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़, सुलभ एवं समयबद्ध बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है, जिससे आमजन को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने

Journalist Anil Prabhakar

Editor UPVIRAL24 NEWS