थाना एट में समाधान दिवस, फरियादियों की समस्याएं सुनकर दिए गए निस्तारण के निर्देश
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से आयोजित थाना/समाधान दिवस के क्रम में थाना एट परिसर में जिलाधिकारी जालौन राजेश कुमार पांडेय एवं पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान दूर-दराज क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने एक-एक फरियादी की शिकायत को गंभीरता पूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए, ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान किया जाना अनिवार्य है। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही या विलंब पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनसुनवाई की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन के प्रति संवेदनशील रहकर कार्य करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं थाना स्टाफ मौजूद रहे।