बंधुआ मजदूरी से 4 श्रमिकों को कराया गया मुक्त, एक आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : कोतवाली जालौन पुलिस टीम द्वारा एक सराहनीय कार्यवाही करते हुए बंधुआ मजदूरी में फंसे 04 श्रमिकों को सकुशल मुक्त कराया गया। इस दौरान पुलिस ने मौके से 01 अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया, जिसे आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों को जबरन बंधुआ मजदूरी कराने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार मजदूरों को बंधनमुक्त कराया गया, जो काफी समय से प्रताड़ना झेल रहे थे।
मुक्त कराए गए श्रमिकों ने पुलिस को बताया कि उनसे जबरन काम कराया जा रहा था और उन्हें उचित मजदूरी भी नहीं दी जा रही थी। पुलिस द्वारा सभी पीड़ितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया तथा उनके बयान दर्ज किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है तथा अन्य संभावित आरोपियों की तलाश भी जारी है।
जनपद पुलिस द्वारा इस कार्रवाई को मानवाधिकारों की रक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।