जमीन विवाद में दो भाइयों की मौत के बाद बेसहारा परिवार की मदद को आगे आई पुलिस
रामपुरा (जालौन) : थाना रामपुरा क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुरा जागीर में जमीन विवाद को लेकर हुई दर्दनाक घटना के बाद पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पीड़ित परिवार की सहायता के लिए हाथ बढ़ाया है। बीते 20 अप्रैल 2026 को गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हृदयविदारक घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतकों के पिता एवं एक अन्य भाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना के बाद परिवार की स्थिति अत्यंत दयनीय हो गई है। घर की महिलाएं और छोटे-छोटे बच्चे पूरी तरह असहाय हो गए हैं तथा उनके सामने रोजमर्रा के जीवन यापन का संकट खड़ा हो गया है। परिवार के कमाने वाले सदस्यों के अभाव में उनके सामने भोजन एवं अन्य आवश्यक जरूरतों की समस्या उत्पन्न हो गई थी।
इसी क्रम में शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक रजत कुमार सिंह मय पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने बच्चों एवं महिलाओं को राहत सामग्री, खाद्यान्न एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं वितरित कीं तथा हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस की इस सराहनीय और मानवीय पहल की क्षेत्र में व्यापक प्रशंसा की जा रही है।
