जालौन : पुलिस अधीक्षक ने अपराध शाखा का अर्दली रूम कर लंबित मामलों की समीक्षा की
पुलिस अधीक्षक जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस लाइन उरई में अपराध शाखा का अर्दली रूम कर लंबित मामलों की समीक्षा की
उरई। डॉ. दुर्गेश कुमार (पुलिस अधीक्षक जालौन) द्वारा पुलिस लाइन उरई में अपराध शाखा के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण का अर्दली रूम किया गया। अर्दली रूम के दौरान लंबित विवेचनाओं, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट तामील, अपराध नियंत्रण तथा संवेदनशील प्रकरणों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने अपराध विश्लेषण कर चिन्हित अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, गंभीर अपराधों में साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन, तकनीकी साक्ष्यों के उपयोग एवं अभियोजन की सुदृढ़ पैरवी पर विशेष जोर दिया गया, ताकि न्यायालय में मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित हो सके।
बैठक के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक जालौन तथा क्षेत्राधिकारी कोंच भी मौजूद रहे। अंत में सर्वसम्बंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं पारदर्शिता के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।