जालौन : जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया मध्य प्रदेश बॉर्डर का संयुक्त निरीक्षण, सीमावर्ती सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : जनपद में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जालौन श्री समीर एवं पुलिस अधीक्षक जालौन श्री सुरेश चन्द्र रावत ने थाना नदीगांव क्षेत्रांतर्गत स्थित उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश की अंतर्राज्यीय सीमा का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने मध्य प्रदेश बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए सीमावर्ती क्षेत्र में सतर्कता एवं निगरानी की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। अधिकारियों ने सीमा पर स्थापित बैरियर एवं पुलिस पिकेट की सक्रियता तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग व्यवस्था का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि अंतर्राज्यीय सीमा पर विशेष सतर्कता बरती जाए। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की नियमित एवं प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित की जाए तथा बैरियर और पिकेट पर तैनात पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।
दोनों अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जिससे जनपद में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।
इस दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को सीमावर्ती क्षेत्र में लगातार निगरानी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।