जालौन : क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद को उत्कृष्ट पुलिस कार्य के लिए अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन ने दिया प्रशस्ति पत्र, एसपी ने किया सम्मानित

क्षेत्राधिकारी कोंच परमेश्वर प्रसाद को उत्कृष्ट पुलिस कार्य के लिए अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन ने दिया प्रशस्ति पत्र, एसपी ने किया सम्मानित

वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर

उरई, जालौन : जनपद जालौन में अपराध नियंत्रण एवं लूट की घटना के सफल अनावरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर क्षेत्राधिकारी कोंच श्री परमेश्वर प्रसाद को अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ (आईपीएस) द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। सोमवार, 23 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक जालौन श्री सुरेश चन्द्र रावत ने उक्त प्रशस्ति पत्र क्षेत्राधिकारी कोंच को प्रदान कर उनके उत्कृष्ट कार्य की सराहना की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली कोंच में वादी श्री रघुवीर अहिरवार की तहरीरी सूचना के आधार पर 5 सितंबर 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 188/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत तीन अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के अनावरण के लिए कोतवाली कोंच एवं स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त तीन अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था।

पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध असलहा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली एवं सफेद धातु के जेवरात, 35 हजार रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक ई-रिक्शा बरामद किया गया था। गिरफ्तारी के बाद तीनों अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया था।

इस सफल कार्रवाई एवं उत्कृष्ट पुलिस कार्य के लिए अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन, कानपुर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ (आईपीएस) द्वारा क्षेत्राधिकारी कोंच श्री परमेश्वर प्रसाद को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक जालौन श्री सुरेश चन्द्र रावत ने प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए क्षेत्राधिकारी कोंच के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार निष्ठा, समर्पण एवं प्रभावी कार्यशैली के साथ पुलिस दायित्वों का निर्वहन करते रहने की अपेक्षा जताई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने

Journalist Anil Prabhakar

Editor UPVIRAL24 NEWS