जिला अस्पताल उरई का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं की परखी हकीकत
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
जनपद में आमजन को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जिला अस्पताल उरई का औचक निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुंचने से अस्पताल परिसर में हलचल बढ़ गई और व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति सामने आई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, विभिन्न वार्डों, दवा वितरण काउंटर, दवा भंडार तथा वार्डों की साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से वर्षा ऋतु में फैलने वाले वायरल बुखार और डायरिया के मरीजों की निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से सीधे बातचीत कर उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल की सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और मरीजों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।