सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, रॉन्ग साइड व ओवर स्पीडिंग पर कड़ी कार्रवाई

सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, रॉन्ग साइड व ओवरस्पीडिंग पर कड़ी कार्रवाई

स्कूल वाहनों की फिटनेस जांच, अवैध कट बंद व अतिक्रमण हटाने को विशेष अभियान

उरई (जालौन)। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में गुरुवार को सड़क सुरक्षा नियमों के सख्त प्रवर्तन के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में रॉन्ग साइड ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइविंग, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग न करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर वाहन स्वामी व अभिभावक के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम नियमित कराने तथा स्कूल वाहनों की फिटनेस, चालक-परिचालक सत्यापन, संपर्क विवरण व रोड रिफ्लेक्टर की अनिवार्य जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। रोड रिफ्लेक्टर न मिलने पर पहली बार 10 हजार, दूसरी बार 20 हजार रुपये जुर्माना और तीसरी बार चालक का लाइसेंस निरस्त करने के निर्देश दिए गए। हेलमेट न पहनने पर आम नागरिकों के साथ सरकारी कर्मचारियों पर भी समान रूप से जुर्माना लगाने को कहा गया। नगर क्षेत्र में अवैध कट तत्काल बंद कराने और अतिक्रमण हटाने के लिए नगर मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। डकोर ब्लॉक में डंपिंग यार्ड के लिए पीडब्ल्यूडी को आगणन तैयार करने, एनएच-27 पर कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताने तथा राठ रोड ओवरब्रिज के आगे रोटरी चौराहे का आगणन शीघ्र तैयार कराने को कहा गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) संजय कुमार, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, सीओ सिटी, अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, एआरटीओ राजेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने

Journalist Anil Prabhakar

Editor UPVIRAL24 NEWS