ब्रज कुँवर देवी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव ‘स्वरांजलि 2.0’ की धूम
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन, मेधावी अभिभावकों का सम्मान
उरई, जालौन : झांसी रोड स्थित ब्रज कुँवर देवी एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव ‘स्वरांजलि 2.0’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, एआरटीओ राजेश कुमार वर्मा, विद्यालय अध्यक्ष राधेश्याम निगोतिया, प्रबंधक इं. अजय इटौरिया, चेयरपर्सन श्रीमती सुविधा इटौरिया एवं प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा श्रीखण्डे ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विद्यालय के शैक्षिक वातावरण और बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो रहा है। विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अनुशासन और उत्कृष्ट व्यवस्था की प्रशंसा की। प्रबंधक इं. अजय इटौरिया ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए गुणवत्तापरक शिक्षा और संस्कार आधारित वातावरण के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई। अतिथियों का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और गणेश वंदना से हुई। नर्सरी व एलकेजी के विद्यार्थियों ने ‘छोटा बच्चा जान के’ पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं ‘आओ तुम्हें चांद पे ले जाएं’, ‘तुझमें रब दिखता है’, ‘आल इज वेल’ और बार्बी डांस सहित विभिन्न प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कक्षा आठ के विद्यार्थियों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर भावनात्मक प्रस्तुति दी। अभिभावकों ने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम में अशोक राठौर, रामकांत द्विवेदी, युद्धवीर कंथारिया, डॉ. नरेश वर्मा, राजेश निगोतिया, राघवेंद्र परिहार, पुष्पा अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन छात्राएं तमन्ना और आयशा गौतम ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

.jpeg)
