उरई : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ, 2.16 लाख से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
जिला महिला चिकित्सालय में दो बूंद पोलियो ड्रॉप पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ, 2.16 लाख से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
वरिष्ठ पत्रकार – अनिल कुमार प्रभाकर
उरई, जालौन : राष्ट्रीय पल्स पोलियो बूथ दिवस 22 नवम्बर 2026 के अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय उरई में पल्स पोलियो अभियान का शुभारम्भ किया गया। मुख्य विकास अधिकारी एवं उपाध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति श्री के०के० सिंह तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिनंदन प्रसाद ने पोलियो बूथ पर नवजात शिशुओं को दो बूंद ओरल पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एपी वर्मा, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक जिला महिला चिकित्सालय उरई डॉ. संजीव प्रभाकर, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उमेश कुमार, चिकित्साधिकारी डॉ. पवन सैन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डीपीएमएनयू डॉ. प्रेम प्रताप, एचआईओ श्री अरविन्द कुमार, सहायक शोध अधिकारी श्री विक्रम सिंह ठाकुर, पीएचएनएफआई से श्रीमती नीलम, समाजसेवी श्री संदीप गहाई सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।
बूथ पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था देखने को मिली। माताएं अपने बच्चों को लेकर कतारबद्ध होकर पोलियो की खुराक दिलाने पहुंचीं। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी श्री के०के० सिंह ने बताया कि एसएनएनआईडी राउंड के अंतर्गत जनपद में कुल 2,16,833 लक्षित बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिला महिला चिकित्सालय स्थित बूथ पर मुख्य विकास अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा कुल 29 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान को सफल बनाने के लिए सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने तथा पड़ोस के 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। उन्होंने अभियान में लगे सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी जिम्मेदारी, तन्मयता और लगन के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिनंदन प्रसाद ने जनपदवासियों से अपील की कि बूथ दिवस पर अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर दो बूंद जिंदगी की अवश्य पिलवाएं। उन्होंने बताया कि यदि किसी कारणवश कोई बच्चा 22 नवम्बर को दवा पीने से वंचित रह जाता है तो 23 नवम्बर से 27 नवम्बर 2026 तक घर-घर भ्रमण करने वाली पल्स पोलियो टीमों के माध्यम से उसे पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि पोलियो जैसी बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक दवा पहुंचाना जरूरी है।
बच्चों को पोलियो से बचाना है, दो बूंद जिंदगी की पिलाना है। दो बूंद हर बार, पोलियो पर जीत बरकरार
दो बूंद जिंदगी की – पोलियो मुक्त समाज की ओर एक कदम


