वर्चुअल जनसुनवाई के माध्यम से फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं, त्वरित निस्तारण के निर्देश

वर्चुअल जनसुनवाई के माध्यम से फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं, त्वरित निस्तारण के निर्देश

उरई, जालौन : जनपद में आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक जालौन द्वारा गूगल मीट के माध्यम से वर्चुअल जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारीगण ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और अपने-अपने थाना क्षेत्रों में थानों एवं कार्यालयों में आए फरियादियों की समस्याओं को विस्तार से अवगत कराया।

पुलिस अधीक्षक जालौन ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का निस्तारण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि फरियादियों की समस्याओं का उचित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, चोरी एवं अन्य आपराधिक मामलों से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने में तत्परता दिखाई जाए। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता को उसके प्रकरण की प्रगति से समय-समय पर अवगत कराना सुनिश्चित किया जाए, जिससे पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो।

इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक ने सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जनसुनवाई आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए वर्चुअल माध्यम से जनसुनवाई करना एक प्रभावी पहल है, जिससे अधिक से अधिक मामलों को कम समय में सुना और निस्तारित किया जा सकता है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस पहल से जनपद में पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आई है और आमजन को शीघ्र न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

एक टिप्पणी भेजें (0)
और नया पुराने

Journalist Anil Prabhakar

Editor UPVIRAL24 NEWS