आटा टोल प्लाजा पर 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन
डीएम ने दिलाई यातायात नियमों के पालन की शपथ, बच्चों को किया सम्मानित
उरई (जालौन)। 37 वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का समापन समारोह मंगलवार को आटा टोल प्लाजा पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एनएचआईटी एवं एनएचएआई द्वारा किया गया, जिसमें जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन एक जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक किया गया, जिसका उद्देश्य आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना रहा।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। साथ ही तेज गति व लापरवाही से वाहन न चलाने पर जोर दिया।जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क सुरक्षा माह के दौरान जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां, गोष्ठियां एवं अभियान चलाए गए, जिनका सकारात्मक प्रभाव तभी दिखाई देगा जब आमजन इन नियमों को अपने दैनिक जीवन में अपनाएंगे। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में अटल बिहारी स्कूल के बच्चों द्वारा बनाई गई सड़क सुरक्षा से संबंधित पेंटिंग्स को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। वहीं एनएचआईटी व एनएचएआई की ओर से बिना हेलमेट चलने वाले दोपहिया वाहन चालकों को निशुल्क हेलमेट भी वितरित किए गए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मनोज अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद, परियोजना निदेशक एनएचएआई अभिषेक लोदवाल, एआरटीओ राजेश कुमार, यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह, टोल प्रबंधक अंकेश श्रीवास्तव, मो इरफ़ान अहमद,सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य अलीम सर, लक्षमणदास बाबानी, महावीर तरसौंलिया, संतोष प्रजापति दद्दा, डॉ ममता स्वर्णकार,सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, यातायात पुलिस, टोल प्लाजा प्रबंधन एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, यातायात पुलिस, टोल प्लाजा प्रबंधन एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

